होम / बिजनेस / आम बजट की तैयारियों में जुटी सरकार, आज से शुरू होगा बैठकों का दौर
आम बजट की तैयारियों में जुटी सरकार, आज से शुरू होगा बैठकों का दौर
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज दो चरणों में बैठक करेंगी, जिसमें उद्योग मंडलों, बुनियादी ढांचा क्षेत्र और पर्यावरण विशेषज्ञ शामिल होंगे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
आम बजट भले ही फरवरी में पेश होना हो, लेकिन इसकी तैयारी सरकार ने अभी से शुरू कर दी है. वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) आज से बजट-पूर्व बैठकों की शुरुआत करेंगी. पारंपरिक रूप से वित्तमंत्री बजट से पहले विभिन्न पक्षों के साथ चर्चा करते हैं. इसी क्रम में सीतारमण सबसे पहले उद्योग जगत के लोगों से मिलेंगी.
दो चरणों में होगी बैठक
मीडिया रिपोर्ट्स में वित्त मंत्रालय से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया है कि बजट-पूर्व बैठकों का दौर सोमवार यानी आज सुबह 10.30 बजे से शुरू हो जाएगा. पहली बैठक दो चरणों में होगी. पहले चरण में 10.30 से 11.45 और दूसरे चरण में 12.00 से 01.15 बजे तक. इन बैठकों में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण इंडस्ट्री, इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लाइमेट चेंज सेक्टर के स्टेकहोल्डरों से ही मिलेंगी. इस बैठक में वह 2023-24 के बजट के लिए उनके सुझाव मांगेंगी.
इनसे भी मुलाकात होगी
वित्तमंत्री 22 नवंबर को कृषि एवं कृषि प्रसंस्करण उद्योग के लोगों, वित्तीय क्षेत्र एवं पूंजी बाजार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी. 24 नवंबर को वह स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी और स्वच्छता सहित सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ 2023-24 के बजट को लेकर विचार-विमर्श करेंगी. इसी दिन उनके सेवा क्षेत्र और व्यापार निकायों के प्रतिनिधियों से मिलने का भी कार्यक्रम है.
बजट में इस पर रहेगा जोर!
सीतारमण व्यापार संघों के प्रतिनिधियों और अर्थशास्त्रियों के साथ 28 नवंबर को बजट-पूर्व बैठक करेंगी. वित्तमंत्री एक फरवरी को संसद में आम बजट पेश करेंगी. माना जा रहा है कि बजट में जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर खास ध्यान दिया जा सकता है, क्योंकि भारत ने 2070 तक शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य तय किया है.
टैग्स