होम / बिजनेस / Dabur India को लेकर आज आ सकती है ये बड़ी खबर, स्टॉक मार्केट ने दिया ऐसा रिएक्शन
Dabur India को लेकर आज आ सकती है ये बड़ी खबर, स्टॉक मार्केट ने दिया ऐसा रिएक्शन
डाबर इंडिया की प्रमोटर बरमन फैमिली है, जिसके पास कंपनी की बहुमत हिस्सेदारी है. बरमन फैमिली अब अपनी हिस्सेदारी कम करना चाहती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी डाबर इंडिया (Dabur India) को लेकर आज एक बड़ी खबर सामने आ सकती है. हालांकि, इससे पहले ही कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डाबर इंडिया के प्रमोटर आज यानी 20 दिसंबर को कंपनी में अपनी करीब 800 करोड़ की हिस्सेदारी बेचेंगे. इस हिस्सेदारी को ब्लॉक डील के जरिए बेचा जाएगा. शेयरों की कीमत बाजार भाव से करीब 4 फीसदी कम रखी जा सकती है.
गोल्डमैन सैक्स कराएगा डील
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) को इस ब्लॉक डील का ब्रोकर नियुक्त किया गया है. इस बीच, स्टॉक मार्केट में डाबर इंडिया के शेयरों में नरमी देखने को मिल रही है. जबकि सोमवार को कंपनी के शेयर बीएसई पर 1.27 फीसदी उछाल के साथ 587.15 रुपए पर बंद हुए थे. खबर लिखे जाने तक ये 1.20% की गिरावट के साथ 581.85 पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले एक महीने की बात करें, तो इस दौरान डाबर इंडिया के शेयरों ने 5.66% रिटर्न दिया है.
शुद्ध मुनाफा हुआ कम
डाबर इंडिया की प्रमोटर बरमन फैमिली है, जिसके पास कंपनी की बहुमत हिस्सेदारी है. बरमन फैमिली अब अपनी हिस्सेदारी कम करना चाहती है. इस बात की भनक जैसे ही निवेशकों को लगी उन्होंने अपने शेयर बेचना शुरू कर दिया, जिसकी वजह से कंपनी के शेयर लाल निशान पर आ गए. बता दें कि सितंबर तिमाही में डाबर इंडिया का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 2.85% घटकर 490.86 करोड़ रुपए रहा था. हालांकि, कंपनी का रिवेन्यू सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 2,986.49 करोड़ रुपए पहुंच गया था.
बरमन फैमिली की हिस्सेदारी
सितंबर तिमाही तक बरमन फैमिली के पास कंपनी में कुल 67.24 फीसदी हिस्सेदारी थी. माना जा रहा है कि बरमन फैमिली के अपनी हिस्सेदारी कम करने की पुष्टि होने पर डाबर इंडिया के शेयर और टूट सकते हैं. पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों ने महज 4.26% का रिटर्न दिया है. वहीं, पांच सालों में यह आंकड़ा 64.62% है. इस लिहाज से देखें तो कंपनी में इन्वेस्ट करने वालों को खास मुनाफा नहीं मिला है. ऐसे में कंपनी के प्रमोटरों के हिस्सेदारी कम करने से उनका मनोबल और टूट सकता है.
टैग्स