होम / बिजनेस / लोगों का स्वाद बढ़ाने वाली Zomato का बिगड़ रहा जायका, कुछ दिनों में तीसरा बड़ा झटका
लोगों का स्वाद बढ़ाने वाली Zomato का बिगड़ रहा जायका, कुछ दिनों में तीसरा बड़ा झटका
सितंबर तिमाही के दौरान Zomato की सेल 22% बढ़कर 6,631 करोड़ रुपए रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,410 करोड़ रुपए थी
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) को कुछ ही दिनों में तीसरा बड़ा झटका लगा है. कंपनी के को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वह पिछले साढ़े 4 सालों से Zomato से जुड़े हुए थे. बता दें कि कंपनी के न्यू इनीशिएटिव हेड और पूर्व फूड डिलीवरी चीफ राहुल गंजू ने भी इसी हफ्ते कंपनी से इस्तीफा दिया था. उनसे पहले सिद्धार्थ झावर भी कंपनी छोड़ चुके हैं, वह Zomato के इंटरसिटी लीजेंड्स सर्विस के हेड थे.
Makemytrip में किया था काम
मोहित गुप्ता की बात करें तो वह 2018 में फूड डिलीवरी सेगमेंट के हेड के तौर पर Zomato के साथ जुड़े हुए थे. 2021 में उन्हें कंपनी में को-फाउंडर का दर्जा मिला था, इसके बाद वह कंपनी के नए कारोबारों को देखने लगे. वहीं, गंजू को फूड डिलीवरी का सीईओ बना दिया गया था. Zomato का हिस्सा बनने से पहले मोहित गुप्ता ऑनलाइन ट्रेवल प्लेटफॉर्म Makemytrip के CEO थे.
आईपीओ में भी बड़ी भूमिका
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही के दौरान Zomato की सेल्स सिर्फ 22 फीसदी बढ़कर 6,631 करोड़ रुपए रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,410 करोड़ रुपए थी. पिछले साल सितंबर तिमाही में कंपनी की बिक्री में 158 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई थी. बता दें कि जुलाई 2021 में जोमैटो का IPO आया था, जिसमें मोहित गुप्ता की बड़ी भूमिका रही थी. जोमैटो की स्टॉक एक्सचेंज पर शानदार लिस्टिंग हुई थी और उसके शेयर 76 रुपए से 169 रुपए के लेवल तक जा पहुंचे थे, लेकिन फिर इसमें गिरावट आई गई. फिलहाल कंपनी का स्टॉक 70 रुपए से नीचे चल रहा है.
ऐसा है स्टॉक का हाल
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन Zomato का शेयर 0.74% की गिरावट के साथ 67.20 रुपए पर बंद हुआ. पिछले 5 दिनों में इसमें 3.79% गिरावट आई है. हालांकि, बीते छह महीनों में इसने 21.41% रिटर्न दिया है. दरअसल, लिस्टिंग के एक साल पूरे होने पर बड़े निवेशकों ने शेयर में बिकवाली की थी, जिसकी वजह से कंपनी के शेयर में गिरावट देखी गई. 2022-23 की दूसरी तिमाही में जोमैटो को होने वाले नुकसान में कमी आई है और ये 434.9 करोड़ से घटकर 250.8 करोड़ रुपए रह गया है.
टैग्स