होम / बिजनेस / उड़ान की आस में बैठी जेट एयरवेज के लिए आई एक और बुरी खबर, लगा बड़ा झटका
उड़ान की आस में बैठी जेट एयरवेज के लिए आई एक और बुरी खबर, लगा बड़ा झटका
जेट एयरवेज को कर्ज देने वाले बैंकों ने अक्टूबर 2020 में उसके रिजोल्यूशन प्लान को मंजूरी दी थी, इसके बाद नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल ने जून 2021 में इस पर सहमति जता दी थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
जेट एयरवेज की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. एक तरफ जहां उसे कर्जा देने वाले बैंक 11 विमानों को बेचने की योजना बना रहे हैं. वहीं, ब्यूरो ऑफ सिविल एविशन सिक्योरिटी (BCAS) ने भी उसे तगड़ा झटका दिया है. BCAS ने जेट एयरवेज की एविएशन सेफ्टी ट्रेनिंग फेसिलिटी (ASTF) को दी गई मान्यता वापस ले ली है. एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ऐसा एयरलाइन के संचालन को लेकर जारी अनिश्चितता के चलते किया गया है.
2020 में मिली थी मंजूरी
जेट एयरवेज को कर्ज देने वाले बैंकों ने अक्टूबर 2020 में उसके रिजोल्यूशन प्लान को मंजूरी दी थी, इसके बाद नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने जून 2021 में इस पर सहमति जता दी थी और कंपनी की कमान लंदन के कालरॉक कैपिटल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के निवेशक मुरारी लाल जालान वाली कंसोर्टियम के हाथों में आ गई. तब उम्मीद जताई गई थी कि जेट एयरवेज की उड़ानें जल्द ही शुरू हो सकती हैं. कंपनी ने इसके लिए डेडलाइन भी घोषित की थी, लेकिन अब तक जेट के विमान आसमान में उड़ान नहीं भर पाए हैं.
टेक ऑफ में लगेगा समय
BCAS का यह फैसला एयरलाइन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. यह आशंका भी जताई जा रही है कि जेट एयरवेज को टेक ऑफ करने में अभी काफी समय लग सकता है. एक रिपोर्ट में BCAS के हवाले से बताया गया है कि गुरुग्राम और मुंबई में जेट एयरवेज के दोनों एविएशन सेफ्टी ट्रेनिंग फेसिलिटी को दी गई मान्यता रद्द कर दी गई है. एयरलाइन ASTF की मंजूरी के लिए नए सिरे से आवेदन कर सकती है. मौजूदा नियमों के अनुसार, सभी एयरलाइनों के लिए यह अनिवार्य है कि वे अपने सुरक्षा कर्मचारियों, कॉकपिट और केबिन क्रू को अपनी फैसिलिटी या अन्य अधिकृत फैसिलिटी के माध्यम से एविएशन सेफ्टी ट्रेनिंग उपलब्ध कराएं. केवल BCAS द्वारा अनुमोदित फैसिलिटी ही प्रशिक्षण प्रदान कर सकती हैं.
कंसोर्टियम ने किया ये दावा
रिपोर्ट के अनुसार, जालान कालरॉक कंसोर्टियम ने दावा किया है कि मान्यता स्वेच्छा से वापस कर दी गई थी. बता दें कि जेट एयरवेज की स्थापना नरेश गोयल ने की थी. एक जमाने में जेट की तूती बोलती थी, लेकिन धीरे-धीरे कंपनी मुनाफे से घाटे में जाती रही और फिर बंद हो गई. अब ब्रिटेन की कालरॉक कैपिटल (Kalrock Capital) और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के इन्वेस्टर मुरारी लाल जालान (Murari Lal Jalan) वाली कंसोर्टियम जेट एयरवेज (Jet Airways) की नई मालिक बन गई है. मुरारी लाल जालान MJ डेवलपर्स कंपनी के मालिक हैं. उन्होंने परिवार के पेपर बिजनेस से शुरुआत की थी. UAE के साथ ही भारत, रूस और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों में उन्होंने इन्वेस्ट किया हुआ है. हालांकि, एविएशन सेक्टर में ये उनका पहला अनुभव है.
टैग्स