होम / बिजनेस / Elon Musk पर लगा बड़ा आरोप: पैसा कमाने में नंबर 1, लेकिन चुकाने में नहीं दिलचस्पी
Elon Musk पर लगा बड़ा आरोप: पैसा कमाने में नंबर 1, लेकिन चुकाने में नहीं दिलचस्पी
ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी ने आरोप लगाया है कि Elon Musk की ट्विटर उसके पेमेंट का भुगतान नहीं कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ट्विटर, टेस्ला और स्पेसX जैसी कंपनियों के मालिक Elon Musk दुनिया के सबसे व्यक्ति हैं. वो हर दिन इतना कमा लेते हैं, जितना लोग कई सालों में नहीं कमा पाते. इस साल 30 जून तक उन्होंने अपनी कुल संपत्ति में 96.6 अरब डॉलर जोड़े हैं. इसके बावजूद जब बात पैसे चुकाने की आती है, तो Musk कंजूस बन जाते हैं. ऑस्ट्रेलिया की एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंपनी ने ट्विटर (Twitter) के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा दर्ज किया है. कंपनी का दावा है कि Elon Musk उसके 10 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानी करीब 665,000 डॉलर का भुगतान नहीं कर रहे हैं.
सिडनी की है कंपनी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियन कंपनी का कहना है कि Twitter की तरफ से उसका पेमेंट अब तक नहीं किया गया है. बार-बार अनुरोध के बावजूद Elon Musk ने 665,000 डॉलर के भुगतान में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है. आरोप लगाने वाली कंपनी सिडनी की Facilitate Corp है. उसने 29 जून को अमेरिका में कैलिफोर्निया की एक अदालत में केस दायर किया है. बता दें कि दुनिया के सबसे बड़े रईस Musk ने पिछले साल 44 अरब डॉलर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदा था. इसके बाद से ही Twitter किसी न किसी वजह से खबरों में बना हुआ है.
पहले भी लगे हैं आरोप
Facilitate Corp का कहना है कि 2022 से इस साल की शुरुआत तक उसके लंदन और डबलिन में Twitter के कार्यालयों में सेंसर लगाए थे. इसके अलावा सिंगापुर और सिडनी में ट्विटर के ऑफिस बनाए थे. इस काम के लिए Elon Musk की Twitter को उसे 10 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर का भुगतान करना था, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया है. इससे पहले मई में एक PR कंपनी ने भी ट्विटर के खिलाफ मुकदमा किया था. उसका आरोप था कि ट्विटर ने उसके बिलों का भुगतान नहीं किया है. इतना ही नहीं, अमेरिका की एडवाइजरी फर्म Innisfree M&A ने भी Twitter से 19 लाख डॉलर वसूलने के लिए मुकदमा दायर किया था. इसी तरह, ट्विटर पर अपने लंदन हेडक्वार्टर का किराया नहीं देने का भी आरोप लग चुका है.
ट्विटर में उथल-पुथल
जब से Elon Musk ने सोशल मीडिया की इस चिड़िया यानी ट्विटर को अपना बनाया है, तब से कंपनी में उथलपुथल मची हुई है. ट्विटर की कमान संभालते ही उन्होंने बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छुट्टी की. मौजूदा कर्मचारियों की सुविधा में कटौती की और उन्हें ज्यादा देर तक काम करने के लिए मजबूर किया. Musk ने ट्विटर का मालिक बनते ही कंपनी के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल को भी नौकरी से निकाल दिया था. Musk लगातार ट्विटर की नीतियों में भी बदलाव कर रहे हैं.
टैग्स