होम / बिजनेस / एड-टेक के बाद अब भारत में अपने इस बिजनेस को बंद करने जा रही है Amazon
एड-टेक के बाद अब भारत में अपने इस बिजनेस को बंद करने जा रही है Amazon
अमेजन ने अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को बताया है कि वो फूड डिलीवरी बिजनेस बंद करने जा रही है. कंपनी ने 2 साल पहले इस सेक्टर में कदम रखा था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
भारत में छंटनी के फेर में उलझी दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अपने एक और बिजनेस को बंद करने का फैसला लिया है. कंपनी का कहना है कि वो भारत में अपना फूड डिलीवरी बिजनेस बंद करने जा रही है. कंपनी ने रेस्टोरेंट पार्टनर्स को इस संबंध में सूचित कर दिया है. इससे पहले अमेजन ने अपने एड-टेक बिजनेस को बंद करने का ऐलान किया था. बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान मई 2020 में अमेजन ने फूड डिलीवरी सेक्टर में कदम रखा था.
29 दिसंबर है डेडलाइन
अमेजन 29 दिसंबर तक अपना फूड डिलीवरी बिजनेस बंद कर देगी, जिसका मतलब है कि 30 दिसंबर से अमेजन के जरिए फूड नहीं मंगा पाएंगे. कंपनी ने सबसे पहले इस सर्विस की शुरुआत बेंगलुरु में की थी. रेस्टोरेंट पार्टनर्स को भेजी जानकारी में अमेजन ने कहा है कि 30 तक जो भी ऑर्डर मिलते हैं, उन्हें स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन इसके बाद कंपनी डिलीवरी करने में सक्षम नहीं होगी.
कॉन्ट्रैक्ट्स पूरे करेगी कंपनी
अमेजन ने रेस्टोरेंट्स से कहा है कि वो अपनी बिजनेस डील पूरी करेगी. सभी कॉन्ट्रैक्ट्स पूरे किए जाएंगे. रेस्टोरेंट्स के पास 31 जनवरी, 2023 तक सभी Amazon टूल और रिपोर्ट का एक्सेस होगा. यदि कोई दिक्कत आती है, तो 31 मार्च तक उन्हें सभी जरूरी सपोर्ट मुहैया कराया जाएगा. कंपनी की तरफ से कहा गया है कि वह बेंगलुरु में 2 साल पहले शुरू हुए इस पायलट प्रोजेक्ट को जल्दबाजी में बंद नहीं कर रही है. सालाना ऑपरेटिंग रिव्यू प्रॉसेस में यह बात सामने आई है कि इस बिजनेस आगे नहीं बढ़ाया जा सकता.
भारत में निवेश पर कही ये बात
अमेजन ने स्पष्ट किया है कि वो भारत के बाजार के में निवेश के लिए प्रतिबद्ध है. कंपनी किराना, स्मार्टफोन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन और ब्यूटी जैसे वेंचर्स में निवेश करना जारी रखेगी. गौरतलब है कि कंपनी बड़े पैमाने पर छंटनी कर रही है. अमेजन की योजना दस हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की है. भारत में भी उसने कुछ कर्मचारियों को पिंक स्लिप थमाई है. हालांकि, यह कदम उसे भारी पड़ गया है. कर्मचारी यूनियन ने इस संबंध में सरकार से कंपनी की शिकायत की है.
क्यों बंद कर रही एड-टेक बिजनेस?
फूड डिलीवरी बिजनेस बंद करने की घोषणा से ठीक पहले Amazon ने भारत में अपने एड-टेक प्लेटफ़ॉर्म को बंद करने का ऐलान किया था कोरोना महामारी के दौरान वर्चुअल लर्निंग में आई तेजी के बीच यह प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया था. महज दो साल में कंपनी इसे बंद करने जा रही है. इस प्लेटफॉर्म के जरिए स्टूडेंट्स प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग की सुविधा घर बैठे प्राप्त करते हैं. साथ ही वह इसकी मदद से कई परीक्षा व एंट्रेंस एग्जाम की भी तैयारी करते हैं. कंपनी का कहना है कि वह अपनी इस सेवा को भारत में अगले साल अगस्त तक पूरी तरह से बंद कर देगी. कंपनी ने यह भी बताया है कि जिन भी छात्रों ने पूरे सेशन की फीस जमा की है, उन सभी को पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा. दरअसल, कोरोना महामारी का प्रभाव कम होते ही ई-लर्निंग प्लेटफ़ॉर्म या एड-टेक कंपनियों के बिजनेस में गिरावट आई है, इसी को ध्यान में रखते हुए अमेजन ने यह फैसला लिया है.
टैग्स