होम / बिजनेस / भारत में बिटकॉइन निवेशकों की संख्या में जबरदस्त उछाल, जानिए क्या है इसकी वजह?
भारत में बिटकॉइन निवेशकों की संख्या में जबरदस्त उछाल, जानिए क्या है इसकी वजह?
बिटकॉइन की कीमतों में लगातार हो रही तेजी ने भारत में क्रिप्टो निवेश को एक बार फिर से मुख्यधारा की ओर खींचा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 11 months ago
भारत में बिटकॉइन और अन्य क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वालों की संख्या में बीते कुछ दिनों में तेजी से इजाफा हुआ है. बिटकॉइन की कीमत हाल ही में 1 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई, जिससे निवेशकों का रुझान और अधिक बढ़ गया है. देश के प्रमुख क्रिप्टो प्लेटफॉर्म जैसे CoinDCX, CoinSwitch, Mudrex और ZebPay ने ट्रेडिंग वॉल्यूम में भारी बढ़ोतरी की पुष्टि की है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
रिकॉर्ड ट्रेडिंग वॉल्यूम, छोटे शहरों से भी रुचि
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 7 दिनों में इन क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स पर कुल ट्रेडिंग वॉल्यूम लगभग ₹1,500 करोड़ तक पहुंच गया है. अकेले CoinDCX पर डेली ट्रेडिंग वॉल्यूम जुलाई में 40% बढ़ा है. यह वॉल्यूम जून में जहां 78 करोड़ रुपये था, वहीं जुलाई में यह 110 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया. Mudrex ने बताया कि उनके प्लेटफॉर्म पर इस सप्ताह ट्रेडिंग वॉल्यूम दोगुना हुआ है, जिसमें 40% हिस्सा टियर-2 और टियर-3 शहरों से आया. ZebPay ने भी औसत साप्ताहिक वॉल्यूम में 75% की बढ़ोतरी दर्ज की है. एक्सचेंज का मानना है कि बड़ी कंपनियों की भागीदारी, नीतिगत स्पष्टता और बेहतर आर्थिक माहौल इस तेजी के पीछे प्रमुख कारण हैं.
एथेरियम और मीम टोकन की बढ़ती मांग
ZebPay के अनुसार, इस समय बिटकॉइन और एथेरियम की मांग सबसे अधिक है. साथ ही Pengu और Bananas31 जैसे मीम टोकन में भी निवेशकों की रुचि बढ़ी है. CoinDCX के सह-संस्थापक मृदुल गुप्ता ने बताया कि 10 से 15 जुलाई के बीच बिटकॉइन की कीमत में तीव्र उछाल आया, जिससे छोटे और बड़े दोनों तरह के निवेशकों की भागीदारी में तेजी देखी गई.
एक्सपर्ट्स की राय: क्या 1.30 करोड़ तक जाएगा बिटकॉइन?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में बिटकॉइन की कीमत ₹1.20 करोड़ तक जा सकती है. उनका अनुमान है कि 2025 के अंत तक यह आंकड़ा ₹1.30 करोड़ को भी छू सकता है. हालांकि उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि कम लिक्विडिटी, आर्थिक उतार-चढ़ाव और डेरिवेटिव्स में अधिक लीवरेज की वजह से शॉर्ट-टर्म में मार्केट में अस्थिरता बनी रह सकती है.
एक्सपर्ट्स ने कहा है कि बड़े शहरों से लेकर छोटे शहरों तक निवेशकों की बढ़ती भागीदारी यह संकेत देती है कि डिजिटल एसेट्स को अब एक गंभीर निवेश विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि निवेशकों को सतर्क रहने की भी जरूरत है, क्योंकि बाजार में अभी भी उतार-चढ़ाव की संभावनाएं बनी हुई हैं.
टैग्स