होम / बिजनेस / मेटा इंडिया के नए प्रबंध निदेशक बने अरुण श्रीनिवास
मेटा इंडिया के नए प्रबंध निदेशक बने अरुण श्रीनिवास
अरुण श्रीनिवास 1 जुलाई से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे और वे संध्या देवनाथन को रिपोर्ट करते रहेंगे
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
मेटा (Meta) ने सोमवार को घोषणा की कि अरुण श्रीनिवास को भारत के लिए नया प्रबंध निदेशक और प्रमुख नियुक्त किया गया है. यह घोषणा उस समय आई है जब हाल ही में संध्या देवनाथन को भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के लिए विस्तारित नेतृत्व भूमिका दी गई है.
अरुण श्रीनिवास 1 जुलाई से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे और वे संध्या देवनाथन को रिपोर्ट करते रहेंगे. अपने नए और विस्तारित भूमिका के तहत, श्रीनिवास मेटा की व्यावसायिक रणनीतियों, नवाचार और राजस्व प्राथमिकताओं को एक साथ लाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे. साथ ही, वे भारत में मेटा के दीर्घकालिक विकास और प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेंगे.
श्रीनिवास ने आईआईएम कोलकाता से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है और उनके पास हिंदुस्तान यूनिलीवर, रीबॉक, ओला और निवेश फर्म वेस्टब्रिज कैपिटल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में बिक्री और विपणन नेतृत्व के लगभग तीन दशकों का अनुभव है.
फिलहाल वे भारत में मेटा के विज्ञापन व्यवसाय के निदेशक और प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं. 2020 में मेटा से जुड़ने के बाद से उन्होंने देश के प्रमुख विज्ञापनदाताओं और एजेंसी भागीदारों के साथ कंपनी के रणनीतिक राजस्व क्षेत्रों – जैसे एआई, रील्स और मैसेजिंग – पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
मेटा इंडिया और दक्षिण पूर्व एशिया की उपाध्यक्ष संध्या देवनाथन ने कहा, “भारत नवाचार और आर्थिक विकास में अग्रणी बना हुआ है, और इस महत्वपूर्ण बाजार में अरुण के नेतृत्व को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं. मेटा भारत में एआई , व्हाट्सएप और रील्स के क्षेत्र में अग्रणी है, और अरुण की उच्च प्रदर्शन करने वाली टीमों के निर्माण, उत्पाद नवाचार और साझेदारी को मजबूती देने में विशेषज्ञता उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाती है.”
टैग्स मेटा