होम / बिजनेस / GST काउंसिल की बैठक 3-4 सितंबर को, दो टैक्स स्लैब सिस्टम पर होगा फैसला
GST काउंसिल की बैठक 3-4 सितंबर को, दो टैक्स स्लैब सिस्टम पर होगा फैसला
3-4 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में जीएसटी दरों को मौजूदा चार स्लैब से घटाकर दो स्लैब (5% और 18%) में लाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 10 months ago
वस्तु एवं सेवा कर (GST) काउंसिल की बैठक 3 और 4 सितंबर को नई दिल्ली में होगी. काउंसिल सचिवालय की ओर से जारी ज्ञापन में कहा गया है कि इस बैठक में केंद्र सरकार के अलावा सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वित्त मंत्री शामिल होंगे.
केंद्रीय वित्त मंत्री करेंगी अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी. इसमें जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने, मुआवजा सेस और हेल्थ एवं लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम पर गठित मंत्री समूह (जीओएम) की सिफारिशों पर विचार किया जाएगा.
दो स्लैब सिस्टम का प्रस्ताव
सरकार ने जीएसटी की दरों को मौजूदा चार स्लैब से घटाकर केवल दो पर लाने का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत मेरिट कैटेगरी के उत्पादों और सेवाओं पर 5% टैक्स और स्टैंडर्ड कैटेगरी पर 18% टैक्स लगेगा. वहीं, कुछ विलासिता और नुकसानदेह उत्पादों पर 40% की विशेष दर लगाने का सुझाव है. वर्तमान में जीएसटी की दरें 5%, 12%, 18% और 28% हैं. बता दें, स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में जीएसटी स्लैब को घटाकर दो करने की घोषणा की थी. इस बदलाव को दिवाली से पहले लागू करने की योजना है.
सस्ते होंगे कई सामान
दो स्लैब लागू होने के बाद कई सामानों की कीमतों में गिरावट देखने को मिलेगी. छोटी कारें, एसी, इलेक्ट्रॉनिक्स और बिल्डिंग मटीरियल सस्ते हो सकते हैं. इससे घर बनाने की लागत भी कम होगी. विशेषज्ञों का कहना है कि 12% टैक्स दर वाले कई जरूरी सामान जैसे दूध, दही, स्टेशनरी और पढ़ाई से जुड़े प्रोडक्ट्स 5% स्लैब में आ सकते हैं.
टैग्स