होम / बिजनेस / प्याज आलू और दालों की कीमतों में गिरावट से थाली हुई सस्ती
प्याज आलू और दालों की कीमतों में गिरावट से थाली हुई सस्ती
क्रिसिल इंटेलिजेंस की रोटी राइस रेट (RRR) रिपोर्ट के अनुसार आलू की कीमतों में 31 प्रतिशत और प्याज की कीमतों में 37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले साल रोग और मौसम के प्रभाव से आलू का उत्पादन 5 से 7 प्रतिशत घटा था जिससे दाम बढ़े थे
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 9 months ago
प्याज आलू और दालों की कीमतों में तेज गिरावट के चलते घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की लागत अगस्त में साल दर साल 7 प्रतिशत घटी. वहीं मांसाहारी थाली भी अगस्त में 8 प्रतिशत सस्ती हुई.
क्रिसिल इंटेलिजेंस की रोटी राइस रेट (RRR) रिपोर्ट के अनुसार आलू की कीमतों में 31 प्रतिशत और प्याज की कीमतों में 37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले साल रोग और मौसम के प्रभाव से आलू का उत्पादन 5 से 7 प्रतिशत घटा था जिससे दाम बढ़े थे. इस साल उत्पादन 3 से 5 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है. प्याज का उत्पादन भी 18 से 20 प्रतिशत बढ़ा है जिसके चलते कीमतें घटी हैं.
दालों की कीमतें भी 14 प्रतिशत कम हुई हैं क्योंकि उत्पादन और भंडार पिछले साल की तुलना में ज्यादा है. हालांकि रिपोर्ट में कहा गया कि वनस्पति तेल की कीमतें त्योहारों की शुरुआत से बढ़ी मांग के कारण 24 प्रतिशत बढ़ीं. इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 6 प्रतिशत सालाना वृद्धि ने थाली की कुल लागत में गिरावट को कुछ हद तक सीमित कर दिया.
मांसाहारी थाली की लागत में कमी का बड़ा कारण ब्रोइलर की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत गिरावट रही जो थाली की कुल लागत का आधा हिस्सा होती है. सब्जियों और दालों के सस्ते होने से भी मदद मिली. हालांकि महीने दर महीने तुलना में अगस्त में शाकाहारी थाली की लागत 4 प्रतिशत और मांसाहारी थाली की लागत 2 प्रतिशत बढ़ी.
रिपोर्ट के अनुसार श्रावण मास के समापन के बाद मांग बढ़ने के बावजूद ब्रोइलर की अधिक आपूर्ति से उनके दाम स्थिर रहे जिससे मांसाहारी थाली की कीमतों में ज्यादा उछाल नहीं आया.
टैग्स