होम / बिजनेस / Tata Group और Ford Motors के बीच दूसरी डील के बारे में आया ये अपडेट
Tata Group और Ford Motors के बीच दूसरी डील के बारे में आया ये अपडेट
अमेरिका की दिग्गज कार कंपनी फोर्ड मोटर्स भारत छोड़ चुकी है और कंपनी ने अपना प्लांट टाटा को बेचा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
Tata ग्रुप और Ford Motors के बीच गुजरात के साणंद स्थित प्लांट के ट्रांसफर को लेकर हुई डील अगले साल 10 जनवरी तक पूरी हो जाएगी. यह प्लांट फोर्ड का है. दोनों कंपनियों के बीच इसके लिए पिछले साल अगस्त में 725.7 करोड़ रुपए की डील हुई थी. बता दें कि अमेरिकी की दिग्गज ऑटो कंपनी फोर्ड मोटर्स भारत से अपना कारोबार समेट चुकी है. कंपनी ने भारत में अपना प्लांट टाटा मोटर्स को बेच दिया है.
इतनी है प्लांट की क्षमता
साणंद में स्थित फोर्ड मोटर्स के प्लांट की सालाना क्षमता 3 लाख यूनिट है, जिसे 4 लाख यूनिट तक बढ़ाया जा सकता है. दोनों कंपनियों के बीच हुई इस डील के अनुसार, फोर्ड इंडिया के सभी कर्मचारियों को पुरानी शर्तों पर टाटा मोटर्स में नौकरी का ऑफर दिया गया है. टाटा मोटर्स और फोर्ड के बीच इससे पहले भी एक डील हुई थी, जिसके तहत टाटा ने 2008 में जगुआर लैंड रोवर को फोर्ड से 2.3 अरब डॉलर में खरीदा था.
Ford ने क्यों छोड़ा भारत?
फोर्ड ने भारत से रवाना होने से पहले इंडियन मार्केट में पैर जमाने की काफी कोशिश की. कंपनी ने 2011 में लगभग 8000 करोड़ रुपए निवेश कर साणंद में मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट लगाया था. हालांकि, कंपनी मुनाफे की स्थिति में नहीं आ सकी. एक रिपोर्ट के अनुसार, करीब 10 सालों में कंपनी को 2 बिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था. इसी के मद्देनजर फोर्ड ने भारत से अपना कारोबार समेटने का फैसला लिया. कंपनी ने अपना प्लांट टाटा मोटर्स को बेच दिया है और टाटा इसमें इलेक्ट्रिक गाड़ियां तैयार करेगी.
प्लांट में बनेंगी EV
भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार धीरे-धीरे काफी बड़ा बनता जा रहा है. ऑटो मेकर्स अब EV यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर ज्यादा ध्यान देने लगे हैं. टाटा पहले से ही इस बाजार में है और इसकी Nexon EV लोगों को काफी पसंद आ रही है. बढ़ती डिमांड को पूरा करने के लिए टाटा को उत्पादन तेज करना होगा और इसमें साणंद स्थित फोर्ड मोटर्स का प्लांट उसके काफी काम आएगा.
टैग्स