होम / बिजनेस / नए साल में कुछ नया कर सकती है LIC, जानें क्या है कंपनी का प्लान?
नए साल में कुछ नया कर सकती है LIC, जानें क्या है कंपनी का प्लान?
भारतीय जीवन बीमा निगम सभी मौजूदा और नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए एक खास योजना पर काम कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कारपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) नए साल से कुछ नया कर सकती है. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, LIC हेल्थ और नॉन-लाइफ इंश्योरेंस सेगमेंट उतर सकती है. इसके लिए कंपनी के पास सभी संसाधन हैं.
पूरी तरह तैयार है LIC
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एलआईसी जीवन, सामान्य और स्वास्थ्य बीमा तीनों के लिए कंपोजिट लाइसेंस हासिल करेगी. कंपनी के पास इसके लिए सभी बुनियादी सविधाएं हैं. बेहतरीन इनफार्मेशन-टेक्नोलॉजी इन्फ्रास्ट्रक्चर और मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन फ्रेमवर्क वाली एलआईसी जीवन बीमा, सामान्य एवं स्वास्थ बीमा में कारोबार के लिए जरूरी कंपोजिट लाइसेंस का पूरा फायदा उठाने की स्थिति में है. दरअसल, भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC सभी मौजूदा और नए अवसरों का लाभ उठाना चाहती है, इसलिए वो दो नई कैटेगरी में उतरने का मन बना रही है.
बोर्ड में होगी चर्चा
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि LIC के निदेशक मंडल (बोर्ड) में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा. बोर्ड के सदस्यों का इस पर क्या रुख रहता है, उसके आधार पर आगे कोई फैसला होगा. बता दें कि 1970 के दशक की शुरुआत तक एलआईसी लाइफ इंश्योरेंस और नॉन-लाइफ इंश्योरेंस दोनों में कारोबार कर रही थी, लेकिन ओरिएंटल इंश्योरेंस के अलग होने के बाद एलआईसी केवल जीवन बीमा तक ही सीमित हो गई. 1956 से 1973 तक ओरिएंटल इंश्योसेंस LIC की सहायक इकाई थी.
कानून में होना है संशोधन
गौरतलब है कि इस महीने के शु्रू में वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले वित्तीय सेवा विभाग ने बीमा कानूनों में कई संशोधनों का प्रस्ताव दिया था. जिसमें बीमा कंपनियों को जीवन बीमा और सामान्य जीवन बीमा दोनों ही श्रेणियों में लाइसेंस देने का प्रस्ताव भी शामिल है. इसके लिए बीमा अधिनियम, 1938 में संशोधन किया जाएगा. संशोधन के बाद बीमा कंपनियों को जनरल, लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस में एक साथ, एक लाइसेंस पर कारोबार करने इजाजत मिल जाएगी. इससे बीमा लेने वालों के साथ-साथ बीमा एजेंटों को भी फायदा होगा, क्योंकि वे एक बीमा कंपनी की सभी पॉलिसियां बेच पाएंगे.
टैग्स