होम / बिजनेस / Mukesh Ambani ने चला बड़ा दांव, इस सेक्टर में बढ़ेगा Reliance का दबदबा
Mukesh Ambani ने चला बड़ा दांव, इस सेक्टर में बढ़ेगा Reliance का दबदबा
रिलायंस ने दो कंपनियों में 33.33% हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है. इस डील के अगले 3 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश (Mukesh Ambani) कारोबारी दुनिया में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए नई रणनीतियों पर फोकस कर रहे हैं. उन्होंने अपनी विस्तार योजनाओं पर भी काम तेज कर दिया है. इसी के तहत रिलायंस ने एक और बड़ी डील की घोषणा की है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत में डेटा सेंटर विकसित करने के लिए ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर (Brookfield Infrastructure) और डिजिटल रियल्टी (Digital Realty) में इन्वेस्टमेंट करने जा रही है.
खरीदेगी इतनी हिस्सेदारी
रिलायंस ब्रुकफील्ड और डिजिटल रियल्टी की भारत में स्थित कंपनियों में 33.33% हिस्सेदारी खरीदेगी. प्रस्तावित निवेश राशि 378 करोड़ रुपए है, जिसे बाद में 622 करोड़ तक बढ़ाया जा सकता है. ये डील रेगुलेटरी अप्रूवल के अधीन है और इसके 3 महीने में पूरा होने की उम्मीद है. डिजिटल रियल्टी ट्रस्ट और ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर संयुक्त रूप से भारत में डिजिटल सेवा कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकसित करती हैं. इसके तहत हाई-क्वालिटी, हाई-कनेक्टेड और जरूरत के मुताबिक स्केलेबल डेटा सेंटर बनाए जाते हैं. इस डील के फाइनल होने के बाद रिलायंस दोनों कंपनियों के जॉइंट वेंचर में पार्टनर बन जाएगी.
ये होगा JV का नाम
रिलायंस के इसका हिस्सा बनने के बाद इस जॉइंट वेंचर को Digital Connexion: A Brookfield, Jio and Digital Realty Company, नाम से रीब्रांड किया जाएगा. ये जॉइंट वेंचर फिलहाल चेन्नई और मुंबई के प्रमुख स्थानों पर डेटा सेंटर विकसित कर रहा है. रिलायंस की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि चेन्नई में 100 मेगावाट परिसर में JV यानी Joint Venture का पहला 20 मेगावाट (MW) ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर (MAA10) 2023 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है. JV ने हाल ही में 40 MW का डेटा सेंटर बनाने के लिए मुंबई में 2.15 एकड़ जमीन के अधिग्रहण का ऐलान किया था.
ऐसा है शेयरों का हाल
उधर, स्टॉक मार्केट में रिलायंस के प्रदर्शन की बात करें, तो कंपनी का शेयर ग्रीन जोन में कारोबार कर रहा है. डीमर्जर की घोषणा के बाद से रिलायंस के शेयरों में नरमी बनी हुई थी. सोमवार को भी इसमें गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन आज इसमें बढ़त है. खबर लिखे जाने तक ये शेयर 0.46% उछाल के साथ 2,498.85 रुपए पर पहुंच गया था. बीते 5 कारोबारी सत्रों में इसमें 2.88% की गिरावट दर्ज हुई है. जबकि पिछले 1 महीने में इस हैवीवेट शेयर ने अपने निवेशकों को महज 0.12% का रिटर्न दिया है.
टैग्स