होम / बिजनेस / पतंजलि फूड्स के रेवेन्यू में 24% की बढ़त, निवेशकों को मिलेगा बोनस शेयर और डिविडेंड
पतंजलि फूड्स के रेवेन्यू में 24% की बढ़त, निवेशकों को मिलेगा बोनस शेयर और डिविडेंड
बढ़ती प्रतिस्पर्धा और महंगाई के बावजूद पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने रेवेन्यू और मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है. डिविडेंड और बोनस शेयर की घोषणाओं से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 10 months ago
पतंजलि फूड्स लिमिटेड (PFL) ने वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के मजबूत नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का रेवेन्यू साल-दर-साल 24% बढ़कर 8,899.70 करोड़ रुपये पहुंच गया है. साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों को 2 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा भी की है.
चुनौतियों के बावजूद मुनाफे में सुधार
कंपनी के मुताबिक, 30 जून 2025 को समाप्त तिमाही के दौरान महंगाई घटकर 2.1% पर आ गई, जो पिछले तीन वर्षों का सबसे निचला स्तर है. इसके बावजूद शहरी क्षेत्रों में कमजोर मांग और क्षेत्रीय व नए D2C ब्रांड्स की प्रतिस्पर्धा के चलते बाजार की स्थिति चुनौतीपूर्ण रही. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों से बेहतर मांग देखने को मिली, जिसने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती दी.
ऑपरेशंस से 8,899 करोड़ का रेवेन्यू, 23.81% का ग्रॉस प्रॉफिट
कंपनी का ऑपरेशंस से कुल राजस्व 8,899.70 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 7,177.17 करोड़ रुपये से अधिक है. कंपनी ने इस तिमाही में 1,259.19 करोड़ रुपए का ग्रॉस प्रॉफिट दर्ज किया है, जो सालाना आधार पर 23.81% की वृद्धि है. प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 180.39 करोड़ रुपये रहा, जिसकी मार्जिन 2.02% रही.
इन तीन सेगमेंट से हुई प्रमुख कमाई
पतंजलि फूड्स की कमाई तीन मुख्य क्षेत्रों से हुई. इसमें खाने योग्य तेल कसे ₹6,685.86 करोड़, फूड एंड अदर FMCG से 1,660.67 करोड़ रुपये और होम एंड पर्सनल केयर 639.02 करोड़ रुपये कमाई हुई. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि खाद्य तेल का कारोबार कंपनी के कुल रेवेन्यू का सबसे बड़ा हिस्सा है.
शहरी ग्राहकों की खरीद में बदलाव, छोटे पैक की बढ़ी मांग
कंपनी ने बताया कि शहरी बाजार में उपभोक्ताओं की प्राथमिकता अब छोटे व सस्ते पैकों की ओर बढ़ रही है. इस बदलते रुझान को ध्यान में रखते हुए पतंजलि ने छोटे पैकों और वैल्यू प्रोडक्ट्स की पेशकश की, जिससे वॉल्यूम ग्रोथ में सुधार देखने को मिला. इसके अलावा "समृद्धि अर्बन लॉयल्टी प्रोग्राम" जैसे प्रयासों ने ब्रांड की उपलब्धता और रिपीट ऑर्डर को बढ़ावा दिया.
डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट तय, बोनस शेयर भी घोषित
पतंजलि फूड्स ने FY25 के लिए 2 रुपए प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट 3 सितंबर 2025 तय की है. इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रजिस्टर ऑफ मेंबर्स या डिपॉजिटरी रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड पाने के पात्र होंगे.
इसके अलावा, कंपनी ने जुलाई महीने में 2:1 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने की भी घोषणा की थी. यानी हर 1 शेयर पर निवेशकों को 2 नए बोनस शेयर मिलेंगे. हालांकि, बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा अभी नहीं हुई है.
टैग्स