होम / बिजनेस / Reliance के बाद अब ITC चली डीमर्जर की राह, बोर्ड ने दी इस प्रस्ताव को मंजूरी
Reliance के बाद अब ITC चली डीमर्जर की राह, बोर्ड ने दी इस प्रस्ताव को मंजूरी
रिलायंस ने हाल ही में अपने फाइनेंशियल कारोबार को अलग किया है, अब ITC अपने होटल बिजनेस को अलग कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
दिग्गज होटल और FMCG कंपनी ITC से एक बड़ी खबर आई है. कंपनी के बोर्ड ने डीमर्जर (ITC Demerger) को मंजूरी दे दी है. अब ITC का होटल बिजनेस अलग हो जाएगा. कंपनी काफी लंबे समय से डीमर्जर की तैयारी कर रही थी. कोरोना महामारी और फिर श्रीलंकाई संकट के चलते ITC को होटल कारोबार में नुकसान उठाना पड़ा था. इस वजह से डीमर्जर को टाल दिया गया था, लेकिन अब जब स्थिति सामान्य हो गई है तो कंपनी के बोर्ड ने काफी समय से अटकी योजना पर मुहर लगा दी है.
ऐसे होगी हिस्सेदारी
ITC ने एक स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसके बोर्ड ने होटल बिजनेस के डीमर्जर को मंजूरी दे दी है. इसके तहत कंपनी के पास होटल बिजनेस की 40 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी. जबकि, शेष हिस्सेदारी कंपनी के शेयरहोल्डर्स के पास होगी. आईटीसी ने बताया है कि 14 अगस्त, 2023 को बोर्ड की आगामी बैठक में स्कीम ऑफ अरेंजमेंट को मंजूरी के लिए रखा जाएगा. SEBI के लिस्टिंग से जुड़े नियमों एवं अन्य संबंधित कानूनों के तहत उचित ऐलान एवं सार्वजनिक तौर पर जानकारी दी जाएगी.
क्यों हो रहा डीमर्जर?
ITC की तरफ से बताया गया है कि उसके बोर्ड को लगता है कि होटल बिजनेस तेजी से बढ़ती हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में एक अलग यूनिट के रूप में अपने ग्रोथ ट्रैक पर बढ़ने को तैयार है. इसमें पूरा फोकस बिजनेस और एक ऑप्टिमल कैपिटल स्ट्रक्चर पर है. इसे ITC की इंस्टीट्यूशनल स्ट्रैंथ, ब्रैंड इक्विटी और गुडविल का फायदा मिलता रहेगा. कुछ वक्त पूर्व ITC लिमिटेड के चेयरमैन संजीव पुरी ने कहा था कि लंबी अवधि की कामकाजी संभावनाओं को देखते हुए ITC होटल बिजनेस को अलग करने की योजना पर काम कर रही है.
होटलों की संख्या में इजाफा
ITC के पास मौजूदा समय में 70 लोकेशंस पर 120 होटल और 11,600 कीज हैं. पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में ITC के होटल बिजनेस में 101% की वृद्धि आई थी और यह 782 करोड़ रुपए पर पहुंच गया था. कंपनी के होटल बिजनेस का EBITDA (Earnings Before Interest, Taxes, Depreciation, and Amortization) 272 करोड़ रुपए रहा है, जो पिछले वर्ष में 32 करोड़ था. पिछले 12 महीने में ITC ने कई नए होटल शुरू किए हैं. इसके अलावा, आईटीसी ने बाजार में मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट पर भी कई होटल लिए हैं, जिससे उसकी कैपिटल प्रोडक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है. गौरतलब है कि ITC की कुल आय में होटल कारोबार की हिस्सेदारी 5% की है, लेकिन कुल कैपेक्स में होटल कारोबार की हिस्सेदारी 20% की है.
वहीं, डीमर्जर को मंजूरी मिलने के बाद ITC के शेयर में गिरावट देखने को मिली है. कंपनी का शेयर सोमवार को 4.30% या 21.10 रुपए की गिरावट के साथ 469.35 रुपए पर बंद हुआ.
टैग्स