होम / बिजनेस / 2030 तक 10 लाख करोड़ रुपये का हो जाएगा भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, छोटे शहरों से मिलेगी रफ्तार
2030 तक 10 लाख करोड़ रुपये का हो जाएगा भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, छोटे शहरों से मिलेगी रफ्तार
प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग, पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने का चलन और नए इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की बढ़ती स्वीकार्यता से अगले छह साल में बाजार में 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी का अनुमान है. क्रोमा और केर्नी की रिपोर्ट में टियर-2 और टियर-3 शहरों को विकास का प्रमुख केंद्र बताया गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
भारत का कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है. साल 2024 में करीब 7 लाख करोड़ रुपये का रहा यह बाजार 2030 तक बढ़कर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये पहुंच सकता है. यानी अगले छह वर्षों में इसमें 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि होने का अनुमान है. टाटा ग्रुप की इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेल कंपनी क्रोमा (Croma) और ग्लोबल मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म केर्नी (Kearney) की संयुक्त रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है.
'हाउ इंडिया अपग्रेड्स' (How India Upgrades) नाम से जारी इस रिपोर्ट में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी से जुड़े बदलते रुझानों और उपभोक्ताओं की प्राथमिकताओं का विश्लेषण किया गया है. यह रिपोर्ट ऐसे समय में जारी हुई है, जब क्रोमा मुंबई के जुहू में अपना पहला स्टोर शुरू करने के 20 साल पूरे कर रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार अब पहली बार उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रह गया है. अब लोग पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने, प्रीमियम प्रोडक्ट्स खरीदने और नई इलेक्ट्रॉनिक कैटेगरी को अपनाने पर अधिक खर्च कर रहे हैं. इसके साथ ही छोटे शहरों में भी इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है.
इन्फिनिटी रिटेल लिमिटेड (क्रोमा) के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर शिवाशीष रॉय ने कहा कि पिछले दो दशकों में भारत का कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पहली बार खरीदारी के दौर से आगे बढ़कर आकांक्षाओं, बेहतर अनुभव और लगातार अपग्रेड करने की प्रवृत्ति से संचालित होने लगा है. उन्होंने कहा कि क्रोमा का फोकस उत्पादों के विकल्प, विशेषज्ञ सलाह, किफायती समाधान और बिक्री के बाद बेहतर सेवाओं के जरिए इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी को आसान बनाना है.
वहीं, केर्नी इंडिया की चेयरमैन कौशिका माधवन के मुताबिक, इस उद्योग का भविष्य इस बात से तय होगा कि उपभोक्ता तकनीक के जरिए अपनी जीवनशैली को किस तरह बेहतर बनाना चाहते हैं. प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग, नए बाजारों का विस्तार और बदलती उपभोक्ता अपेक्षाएं इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा करेंगी.
छोटे शहरों में तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग का केंद्र अब महानगरों से आगे बढ़ रहा है. टियर-2 और टियर-3 शहरों में बिक्री की रफ्तार महानगरों के मुकाबले तेज रही है. क्रोमा के बिक्री आंकड़ों के मुताबिक, 2022 से 2025 के बीच टियर-3 शहरों में कंपनी की बिक्री 40 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ी. वहीं, टियर-2 शहरों में यह वृद्धि 30 फीसदी रही. टियर-1 शहरों में बिक्री 35 फीसदी और महानगरों में 13 फीसदी की दर से बढ़ी.
कंपनी की कुल बिक्री में गैर-महानगरीय बाजारों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. साल 2022 में यह 32 फीसदी थी, जो 2025 में बढ़कर 44 फीसदी हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, भले ही कुल मांग में महानगरों की हिस्सेदारी अभी अधिक है, लेकिन आने वाले समय में छोटे शहर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगे.
महंगे स्मार्टफोन और प्रीमियम उपकरणों की बढ़ी मांग
बाजार में प्रीमियम उत्पादों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. उपभोक्ता अब अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन और एडवांस फीचर्स वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं.
क्रोमा के आंकड़ों के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच स्मार्टफोन की औसत बिक्री कीमत में 34 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 50,000 रुपये से अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री 2022 से 2025 के दौरान 26 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी.
घरेलू उपकरणों और टेलीविजन की खरीदारी में भी यह बदलाव दिखाई दे रहा है. साल 2015 में कुल एयर कंडीशनर बिक्री में इन्वर्टर एसी की हिस्सेदारी केवल 9 फीसदी थी, जो 2025 में बढ़कर 91 फीसदी हो गई. इससे पता चलता है कि पहले प्रीमियम माने जाने वाले फीचर्स अब आम उपभोक्ताओं के बीच भी लोकप्रिय हो रहे हैं.
टेलीविजन के मामले में भी स्क्रीन का आकार बढ़ा है. क्रोमा में 2025 के दौरान बिकने वाले हर तीन टेलीविजन में से एक 55 इंच या उससे बड़ी स्क्रीन वाला था. साल 2015 में यह आंकड़ा हर 25 टीवी में से एक था.
डिशवॉशर, गेमिंग डिवाइस और एयर फ्रायर की बढ़ी मांग
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की अगली विकास यात्रा में नई उत्पाद श्रेणियों की भी अहम भूमिका रहने वाली है. रिपोर्ट के मुताबिक, डिशवॉशर, क्लॉथ ड्रायर, गेमिंग डिवाइस, हियरएबल्स और एयर फ्रायर जैसे उत्पादों की मांग बढ़ रही है.
2021 से 2025 के बीच डिशवॉशर और ड्रायर की बिक्री में वॉल्यूम के आधार पर 29 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई. इसी अवधि में गेमिंग डिवाइस की बिक्री 26 फीसदी और हेडफोन व ईयरबड्स जैसे हियरएबल्स की बिक्री 23 फीसदी बढ़ी. वहीं, एयर फ्रायर की बिक्री में 22 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
रिपोर्ट में वियरेबल डिवाइस को भी भविष्य की मांग बढ़ाने वाली प्रमुख श्रेणियों में शामिल किया गया है. जिन बाजारों में इन उत्पादों की पहुंच अभी कम है, वहां पहली बार खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं से भी मांग बढ़ने की उम्मीद है.
पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने से बढ़ेगा बाजार
क्रोमा और केर्नी की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 से 2030 के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अनुमानित 3 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वृद्धि में पुराने उपकरणों को अपग्रेड करने की प्रवृत्ति की अहम भूमिका होगी.
बढ़ती आय और आकांक्षाओं, प्रीमियम उत्पादों तक आसान पहुंच और महानगरों से बाहर बढ़ती मांग से बाजार को गति मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की वृद्धि अब केवल नए उपभोक्ताओं के जुड़ने पर निर्भर नहीं है. मौजूदा उपभोक्ता भी पुराने उपकरणों की जगह अधिक कीमत और बेहतर फीचर्स वाले उत्पाद खरीद रहे हैं. इसके साथ ही नई उत्पाद श्रेणियों को अपनाने का चलन बढ़ रहा है. ऐसे में आने वाले वर्षों में उत्पादों की गुणवत्ता, प्रीमियम फीचर्स, इनोवेशन और बेहतर उपभोक्ता अनुभव बाजार की दिशा तय करेंगे.
टैग्स