होम / बिजनेस / HAL को मिला ₹62,000 करोड़ का मेगा ऑर्डर, बनाएगी 97 फाइटर जेट, शेयर में आई तेजी
HAL को मिला ₹62,000 करोड़ का मेगा ऑर्डर, बनाएगी 97 फाइटर जेट, शेयर में आई तेजी
HAL को मिला यह मेगा ऑर्डर भारत की रक्षा क्षमताओं को न सिर्फ तकनीकी रूप से उन्नत बनाएगा, बल्कि 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को भी मजबूती देगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 10 months ago
सरकारी रक्षा क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को केंद्र सरकार से ₹62,000 करोड़ का एक बड़ा ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर भारतीय वायुसेना के लिए 97 हल्के लड़ाकू विमान (LCA) Mk-1A बनाने का है. आज यानी गुरुवार को कंपनी ने खुद यह जानकारी साझा की है, जिसके बाद HAL के शेयरों में शुरुआती गिरावट के बावजूद मजबूती देखी गई. तो चलिए जानते हैं कंपनी के शेयर का प्रदर्शन कैसा है?
HAL के शेयर में तेजी
HAL ने गुरुवार, 21 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में बताया कि कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) ने 19 अगस्त, 2025 को इस खरीद को स्वीकृति दी थी. यह ऑर्डर रक्षा मंत्रालय के जरिए HAL को जारी किया गया है, जिसमें विमानों के साथ जरूरी उपकरणों की भी खरीद शामिल है. इस खबर के बाद HAL के शेयरों में हलचल देखी गई. कारोबार के दौरान शेयर की कीमत शुरुआती गिरावट के बाद ₹4,498.80 तक पहुंच गई, जबकि दिन की शुरुआत में यह ₹4,446.40 पर था. यह इशारा करता है कि बाजार ने इस ऑर्डर को सकारात्मक रूप में लिया है. खबर लिखे जाने के दौरान कंपनी का शेयर 0.22 प्रतिशक की तेजी के साथ ₹4478.10 पर कारोबार करता दिखा.
वायुसेना की ताकत बढ़ाएगा Tejas Mk-1A
Tejas Mk-1A, भारत में विकसित स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस का एक एडवांस वर्जन है, जिसे पुराने MiG-21 फ्लीट की जगह लेने के लिए तैयार किया गया है. यह डील देश की वायुशक्ति को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
HAL को मिला दूसरा बड़ा ऑर्डर
यह HAL को मिला Tejas Mk-1A के लिए अब तक का दूसरा सबसे बड़ा ऑर्डर है. इससे पहले फरवरी 2021 में कंपनी को पहले चरण का कॉन्ट्रैक्ट मिला था. HAL ने बताया कि अब तक इंजन सप्लाई से जुड़ी समस्याएं भी दूर हो चुकी हैं, जिससे डिलीवरी का रास्ता साफ हो गया है. कंपनी ने यह भी कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है, जिसमें शुरुआती तौर पर 6 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति की जाएगी.
ब्रोकरेज फर्म UBS की प्रतिक्रिया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म UBS ने HAL के शेयर पर अपनी ‘न्यूट्रल’ रेटिंग बरकरार रखी है और ₹4,900 का टारगेट प्राइस तय किया है. UBS का कहना है कि इस दूसरे बड़े ऑर्डर से HAL की ऑर्डर बुक और मजबूत हुई है और कंपनी की उत्पादन क्षमता में आने वाले समय में और तेजी आने की उम्मीद है.
टैग्स