होम / बिजनेस / चुनाव से पहले अडानी का बिहार में बड़ा निवेश: ₹26 हजार करोड़ का पावर प्लांट, मिलेगा हजारों को रोजगार
चुनाव से पहले अडानी का बिहार में बड़ा निवेश: ₹26 हजार करोड़ का पावर प्लांट, मिलेगा हजारों को रोजगार
बिहार चुनाव से पहले अडानी ग्रुप का यह बड़ा निवेश न सिर्फ राज्य की ऊर्जा आपूर्ति और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार का मौका भी देगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 10 months ago
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अडानी पावर (Adani Power) ने बड़ा दांव खेला है. कंपनी ने ऐलान किया है कि वह करीब 26 हजार करोड़ रुपये की लागत से भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2,400 मेगावाट का ग्रीनफील्ड थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने जा रही है. इसके लिए कंपनी को लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) भी मिल चुका है.
BSPGCL के साथ पावर सप्लाई एग्रीमेंट
अडानी पावर को यह LoA बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) की ओर से मिला है. यह अनुबंध 25 साल के लिए होगा, जिसके तहत पावर प्लांट से मिलने वाली बिजली की खरीद की जाएगी. आने वाले समय में दोनों संस्थाओं के बीच पावर सप्लाई एग्रीमेंट (PSA) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे.
रोजगार के नए अवसर
कंपनी इस परियोजना और इससे जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगभग 3 अरब डॉलर का निवेश करेगी. अडानी ग्रुप का दावा है कि परियोजना के निर्माण के दौरान 10,000 से 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. वहीं संचालन शुरू होने पर करीब 3,000 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा.
कब शुरू होगा उत्पादन
यह पावर प्लांट 800-800 मेगावाट की 3 यूनिट्स में तैयार होगा. इसे डिजाइन, निर्माण, फाइनेंस और संचालन (DBFOO) मॉडल पर विकसित किया जाएगा. पहली यूनिट अगले 48 महीने में और पूरी परियोजना 60 महीने के भीतर चालू करने का लक्ष्य है.
शेयर बाजार में अडानी पावर का धमाका
अडानी पावर के शेयरों ने इस ऐलान के बाद जोरदार छलांग लगाई. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 601.30 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जबकि दिन के निचले स्तर पर यह ₹583.35 तक फिसला था. इस खबर के बाद शेयरों में लगभग 3 प्रतिशत की तेजी देखी गई.
टैग्स