होम / बिजनेस / अरबपति गौतम अडानी ने बनाई नई कंपनी, जानें अब किस सेक्टर पर है नजर
अरबपति गौतम अडानी ने बनाई नई कंपनी, जानें अब किस सेक्टर पर है नजर
कारोबारी गौतम अडानी ने एक नए सेक्टर में उतरने के लिए नई कंपनी बनाई है और उसे एक बड़ा ऑर्डर भी मिल गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अरबपति कारोबारी गौतम अडानी (Gautam Adani) तेजी से अपने कारोबार को फैला रहे हैं. वह नए-नए सेक्टर्स में एंट्री कर रहे हैं, दूसरी कंपनियों का अधिग्रहण कर रहे हैं. इसी कड़ी में अब वह स्मार्ट मीटर बिजनेस में उतरने जा रहे हैं और इसके लिए उन्होंने एक अलग कंपनी भी बना ली है. बिजली के मीटर का बाजार काफी बड़ा है और अडानी इस बाजार को पूरी तरह से अपने कब्जे में करना चाहते हैं. जिस तरह की आक्रामक रणनीति के तहत वो कारोबार करते हैं, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि अगले कुछ सालों में इस सेक्टर में भी अडानी समूह की तूती बोलेगी.
BSE को दी जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) ने स्मार्ट मीटर बिजनस के लिए बेस्ट स्मार्ट मीटरिंग लिमिटेड (BSML) नाम से एक कंपनी बनाई है. कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भेजी सूचना में BSML के गठन की जानकारी दी है. 27 दिसंबर, 2022 को कंपनी पंजीयक, अहमदाबाद (गुजरात) में कंपनी का पंजीकरण हुआ है. बता दें कि अडानी ग्रुप ने हाल में सीमेंट सेक्टर में भी एंट्री मारी है. साथ ही मीडिया कंपनी NDTV को भी खरीद लिया है.
अभी शुरू नहीं किया ऑपरेशन
अडानी ट्रांसमिशन की तरफ से बताया गया है कि उसने बेस्ट स्मार्ट मीटरिंग लिमिटेड के नाम से एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी का गठन किया है. हालांकि, BSML ने अभी तक अपना बिजनेस ऑपरेशन शुरू नहीं किया है. इस कंपनी की स्थापना सरकार द्वारा शुरू की गई पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही है. गौरतलब है कि यह योजना बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की परिचालन दक्षता में सुधार के लिए लाई गई है. इस योजना के तहत FY 2021-22 से 2025-26 के बीच 250 मिलियन प्रीपेड स्मार्ट मीटर स्थापित करने का लक्ष्य है.
महाराष्ट्र से मिला ऑर्डर!
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अडानी ट्रांसमिशन को हाल में मुंबई में दस लाख स्मार्ट मीटर लगाने और उनके रखरखाव के लिए बेस्ट (BEST) से ठेका मिला है. यह डील करीब 1300 करोड़ रुपए में हुई है. बता दें कि बेस्ट मुंबई में पावर सप्लाई करती है. अडानी ट्रांसमिशन के अनुसार, स्मार्ट मीटर के चलते ग्राहक बिजली की खपत पर ऑनलाइन नजर भी रख सकेंगे.
टैग्स